राजपुर हत्याकांड में 3 और आरोपी गिरफ्तार, बार विवाद के बाद फायरिंग में मॉर्निंग वॉकर की हुई थी मौत

राजपुर हत्याकांड में 3 और आरोपी गिरफ्तार, बार विवाद के बाद फायरिंग में मॉर्निंग वॉकर की हुई थी मौत
Spread the love

देहरादून। राजपुर क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस प्रकरण में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 की सुबह कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक नगर सहित राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि मालसी की ओर से जोहड़ी गांव की तरफ आ रही दो गाड़ियों—स्कार्पियो-एन और दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर—में सवार व्यक्तियों के बीच फायरिंग हुई।

इस दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी निवासी जोहड़ी गांव को गोली लग गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के परिजन की तहरीर पर थाना राजपुर में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले कुठालगेट स्थित ZEN-Z बार में बिल को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते अगले दिन दोनों पक्ष आमने-सामने आए और एक-दूसरे का पीछा करते हुए फायरिंग की घटना हुई, जिसमें निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए। पहले चरण में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो देशी तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।

पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस ने तीन और अभियुक्तों—आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा—को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles