ऋषिकेश में स्कूटर से शराब तस्करी नाकाम, डेढ़ लाख की शराब बरामद

ऋषिकेश में स्कूटर से शराब तस्करी नाकाम, डेढ़ लाख की शराब बरामद
Spread the love

ऋषिकेश। जंगलात चौकी के पास तड़के सुबह आबकारी विभाग की टीम ने स्कूटर के जरिए की जा रही अवैध शराब तस्करी का पर्दाफाश करते हुए बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। टीम ने एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग ऋषिकेश की टीम को तड़के संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। इस दौरान टीम ने स्कूटर पर बैग ले जाते हुए तस्करों को देखा। आबकारी विभाग के कर्मचारी अर्जुन सिंह और आशीष चौहान ने मोटरसाइकिल से चुपके से पीछा करते हुए सटीक खुफिया सूचना के आधार पर गुमानीवाला स्थित शिवा पैलेस के पास स्कूटर को घेर लिया।

कार्रवाई के दौरान अभियुक्त अंकुर पुत्र कृष्ण कुमार, निवासी गणेश विहार, नेहरू कॉलोनी, देहरादून को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से स्कूटर संख्या UK07HC-8439 में रखे दो बैगों से कुल 144 पव्वे ‘इंपिरियल ब्लू’ अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ धारा 60 और 72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, शराब तस्कर अब ट्रक या कार के बजाय स्कूटर जैसे दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे कम मात्रा में शराब तेजी से और बिना ध्यान आकर्षित किए एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाई जा सके। उल्लेखनीय है कि 2 अप्रैल को भी आबकारी विभाग ने एक अन्य कार्रवाई में स्कूटी से शराब ले जाते एक तस्कर को गिरफ्तार किया था।

देवभूमि खबर

Related articles