गैस आपूर्ति में अव्यवस्था पर्यटन के लिए खतरा: गणेश गोदियाल

गैस आपूर्ति में अव्यवस्था पर्यटन के लिए खतरा: गणेश गोदियाल
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड में रसोई गैस आपूर्ति को लेकर उत्पन्न स्थिति पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गहरी चिंता जताई है। प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से गैस की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

गोदियाल ने कहा कि यदि वास्तव में गैस की कोई कमी नहीं है, तो सरकार को इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि गैस आपूर्ति में अनियमितता का सीधा असर राज्य के पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों पर पड़ सकता है।

चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में ऑनलाइन पंजीकरण निरस्त होने की खबरें चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जिससे हजारों लोगों का रोजगार जुड़ा है।

उन्होंने कुमाऊं मंडल में पर्यटन गतिविधियों पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव की ओर भी ध्यान दिलाया और कहा कि होटल व्यवसाय सहित अन्य पर्यटन सेवाएं गैस आपूर्ति पर निर्भर हैं। समय पर गैस उपलब्ध न होने से पूरे पर्यटन क्षेत्र पर व्यापक असर पड़ सकता है।

गोदियाल ने राज्य सरकार से गैस आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे के दौरान जनता को गैस और ईंधन आपूर्ति को लेकर आश्वस्त किया जाना चाहिए।

देवभूमि खबर

Related articles