हरिद्वार में गुरुदेव श्री महन्त सरस्वत्याचार्य जी महाराज की 35वीं वार्षिक पुण्यतिथि पर भव्य आयोजन, संत सम्मेलन व भजन संध्या के साथ तीन दिवसीय कार्यक्रम
हरिद्वार। श्री सुदर्शन आश्रम (अखाड़ा), रेलवे रोड में परमपूज्य गुरुदेव भगवान श्री श्री 1008 श्री महन्त सरस्वत्याचार्य जी महाराज (पिंडदान खां, पंजाब वालों) की 35वीं वार्षिक पुण्यतिथि के अवसर पर 19 से 21 अप्रैल 2026 तक तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान देशभर से संत-महात्मा, तपस्वी एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत 19 अप्रैल, रविवार को श्री रामचरितमानस के अखंड पाठ से होगी, जो 20 अप्रैल को पूर्ण होगा। इसी दिन प्रातः भोग व आरती के साथ विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। 20 अप्रैल को सायं 4 बजे से 7 बजे तक श्री सीताराम जी के नाम संगीतमय सुंदरकांड एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ओम श्री म्यूजिकल ग्रुप, गोविंद भट्ट (ज्वालापुर, हरिद्वार) द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।
21 अप्रैल, मंगलवार को संत महापुरुषों द्वारा गुरुदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी, साथ ही संत सम्मेलन, भंडारा एवं गंगा तट पर पूजा-आरती का आयोजन भी होगा। आयोजकों के अनुसार इस अवसर पर विभिन्न अखाड़ों के संत, महामंडलेश्वर एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
आयोजक श्री महन्त रघुवीर दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने इष्ट मित्रों व परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करें। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

