धन सिंह रावत को हटाने की मांग, जन संघर्ष मोर्चा ने लगाए नाकामी के आरोप

धन सिंह रावत को हटाने की मांग, जन संघर्ष मोर्चा ने लगाए नाकामी के आरोप
Spread the love

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग उठाई है। मोर्चा अध्यक्ष एवं उत्तराखंड राज्य भंडारागार निगम कर्मचारी संगठन के संरक्षक रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि मंत्री अपने 9-10 वर्षों के कार्यकाल में कर्मचारियों के हित में एक भी ठोस कार्य नहीं कर पाए हैं।

नेगी ने आरोप लगाया कि भंडारागार निगम के कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ दिलाने का मामला वर्षों से लंबित है और संबंधित फाइलें शासन स्तर पर अटकी हुई हैं। विभागीय ढांचे से जुड़े प्रस्ताव भी लंबे समय से लंबित पड़े हैं, लेकिन मंत्री द्वारा इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को न्याय पाने के लिए न्यायालय का सहारा लेना पड़ रहा है, जो विभागीय व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब हर कार्य न्यायालय के माध्यम से ही हो रहा है, तो विभागीय मंत्री की भूमिका पर भी प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।

मोर्चा अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं हैं और केवल निजी हितों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग की स्थिति को भी इसी तरह का बताया।

जन संघर्ष मोर्चा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि ऐसे मंत्री को तत्काल पद से हटाया जाए, ताकि प्रदेश की जनता और कर्मचारियों को राहत मिल सके।

पत्रकार वार्ता में ठाकुर भाग सिंह और पछवादून अध्यक्ष अमित जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles