पृथ्वी दिवस व नमक सत्याग्रह की 96वीं वर्षगांठ पर खाराखेत में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
देहरादून। पृथ्वी दिवस व नमक सत्याग्रह की 96वीं वर्षगांठ के अवसर पर खाराखेत स्थित नूननदी स्मारक पर दून के विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में मैती आंदोलन, संयुक्त नागरिक संगठन, उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी, महावीर सेवा समिति तथा पहाड़ी पैडलर ग्रुप ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान रेंज अधिकारी सुनील पनेरू के नेतृत्व में वन विभाग की टीम, पर्यावरण प्रेमियों और युवा पैडलर्स ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
आयोजित संवाद में वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और प्लास्टिक प्रदूषण जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्लास्टिक और पॉलीथीन बैग का उपयोग पूरी तरह बंद कर उसके स्थान पर पुनः उपयोग (रीयूज) और पुनर्चक्रण (रीसायकल) को अपनाएं।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि एयर कंडीशनर के अत्यधिक उपयोग से शहरी क्षेत्रों में तापमान और प्रदूषण बढ़ रहा है, जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने संतुलित जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लेते हुए स्वच्छ और हरित दून बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

