उद्योगपति महेंद्र शर्मा ने बीकेटीसी को दिया ₹1.01 करोड़ का दान
रुद्रप्रयाग।श्री बदरीनाथ धाम/गोपेश्वर/देहरादून। प्रसिद्ध उद्योगपति एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के वरिष्ठ सदस्य महेंद्र शर्मा ने मंदिर समिति को 1 करोड़ 1 लाख रुपये का दान स्वरूप चेक प्रदान किया। इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बदरीनाथ धाम में उनका स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
हेमंत द्विवेदी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी महेंद्र शर्मा एक दशक से बीकेटीसी के सदस्य हैं और देशभर के तीर्थस्थलों के विकास व श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए लगातार योगदान दे रहे हैं। उन्होंने उनके इस सहयोग को सराहनीय बताते हुए अन्य श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
उद्योगपति महेंद्र शर्मा ने कहा कि भगवान बदरीनाथ और केदारनाथ के प्रति उनकी गहरी आस्था है और यह दान उसी श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंदिर समिति इस राशि का उपयोग धार्मिक कार्यों और श्रद्धालुओं की सेवा में करेगी।
इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी उपस्थित रहकर दानदाता का अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं द्वारा भी उनकी दानशीलता की सराहना की जा रही है।
कार्यक्रम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान और निजी सचिव प्रमोद नौटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

