देहरादून में आज रात एयर रेड-ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, 30 मिनट रहेगा अंधेरा
देहरादून। राजधानी देहरादून में नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारियों को परखने के लिए आज शुक्रवार रात 10 बजे एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान शहर के चार संवेदनशील क्षेत्रों में 30 मिनट तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
मॉक ड्रिल के तहत आईएसबीटी, घंटाघर, आराघर और रायपुर स्थित डीईएएल/डीआरडीओ क्षेत्र में सायरन बजाकर एयर रेड अलर्ट जारी किया जाएगा, जिसके बाद ब्लैकआउट किया जाएगा। इसका उद्देश्य किसी संभावित हवाई हमले या आपात स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और समन्वय क्षमता का आकलन करना है।
जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन के तहत कंट्रोल रूम में इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर स्थापित किया है, जहां से सभी विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और पुलिस बल भी तैनात रहेंगे।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार ने बताया कि यह अभ्यास गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार किया जा रहा है, जिसमें जिलाधिकारी कंट्रोलर के रूप में संचालन करेंगे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें, क्योंकि यह केवल एक अभ्यास है। साथ ही सभी से सहयोग और दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है।

