ऑपरेशन प्रहार के तहत ऋषिकेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का इनामी आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार
ऋषिकेश। जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर वर्ष 2024 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और न्यायालय में भी पेश नहीं हो रहा था, जिस पर एसएसपी देहरादून द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन से आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात समेत कई स्थानों पर पहचान छिपाकर रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में ऋषिकेश मामले में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कैलाशचन्द्र भट्ट के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विवेक राठी, हेड कांस्टेबल संदीप राठी, एसओजी से कांस्टेबल नवनीत और कांस्टेबल सोनी शामिल रहे, जिन्होंने समन्वित प्रयास करते हुए इनामी अभियुक्त की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई। कोतवाली ऋषिकेश और एसओजी टीम की अहम भूमिका रही।

