बार संचालन मामले में आईजी पर मोर्चा के गंभीर आरोप, कार्रवाई की मांग तेज
विकासनगर ।जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने एक प्रेस वार्ता में मयखाना (बार) संचालन को लेकर पुलिस महकमे के एक आईजी स्तर के अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में देर रात तक संचालित हो रहे एक बार को कथित रूप से उच्च स्तर का संरक्षण प्राप्त है, जिससे कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
मोर्चा ने आरोप लगाया कि निर्धारित समय सीमा के बाद भी बार का संचालन जारी रहता है और पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित मामले में सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
प्रेस वार्ता में मोर्चा ने यह भी कहा कि यदि सरकार इस प्रकरण में उचित कार्रवाई नहीं करती है, तो संगठन स्वयं इस मामले को उजागर करेगा। साथ ही, उन्होंने पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे कानून के प्रति जिम्मेदारी का उदाहरण बताया।
मोर्चा ने राज्य सरकार से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इस दौरान संगठन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

