नैनीताल अपराध समीक्षा बैठक: आचरण व पारदर्शिता पर सख्ती, 33 पुलिसकर्मी सम्मानित

नैनीताल अपराध समीक्षा बैठक: आचरण व पारदर्शिता पर सख्ती, 33 पुलिसकर्मी सम्मानित
Spread the love

नैनीताल। पुलिस लाइन नैनीताल सभागार में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी पर्यटन सीजन और माह मार्च के अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत थानों में कर्मचारी सम्मेलन से हुई, जिसके बाद थाना प्रभारियों, फायर सर्विस, ट्रैफिक, पीएसी और होमगार्ड के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक संपन्न हुई।

बैठक में पुलिस कर्मियों के आचरण और व्यवहार को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए गए कि आमजन और पर्यटकों के साथ संवाद के दौरान शालीनता और संवेदनशीलता बनाए रखें। ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में दुर्व्यवहार करने वाले कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्यशैली अनुशासित, सौहार्दपूर्ण और जनहितकारी होनी चाहिए, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित और सहज वातावरण मिल सके। साथ ही यह भी कहा गया कि ड्यूटी के दौरान उत्पन्न किसी भी विवाद की स्थिति में विभाग अपने कर्मियों के साथ खड़ा रहेगा, लेकिन अनुशासनहीनता किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी।

अपराध समीक्षा के दौरान थाना प्रभारियों को CCTNS पोर्टल के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए गए तथा ऑनलाइन कार्यप्रणाली में सुधार कर बेहतर रैंकिंग हासिल करने पर जोर दिया गया। विवेचनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए सभी जांच अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

विशेष रूप से 7 वर्ष से कम सजा वाले मामलों—जैसे एक्साइज एक्ट, विद्युत अधिनियम और सड़क दुर्घटना प्रकरणों में अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताई गई। समयसीमा का उल्लंघन करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और वेतन संबंधी दंड का प्रावधान लागू करने की बात कही गई।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पुलिस विभाग में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही सर्वोपरि है और इन मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 33 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एसएसपी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गोष्ठी में एसपी नैनीताल, एसपी हल्द्वानी, एसपी संचार सहित विभिन्न सीओ, निरीक्षक और पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।

बैठक में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडे, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, सीओ (प्रशिक्षु) विनय सिंह व अंकित थपलियाल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक एलआईयू ज्ञानेंद्र शर्मा सहित सभी थाना, शाखा, यातायात, सीपीयू, पीएसी प्रभारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles