डोईवाला में दून पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 11.41 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार
देहरादून । डोईवाला क्षेत्र में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.41 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.30 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अपराध एवं अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली डोईवाला पुलिस ने लालतप्पड़ स्थित बालकुआंरी चौक पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में नितिन पुत्र जयपाल सिंह निवासी रेसकोर्स न्यू बस्ती, देहरादून तथा अनूप पुत्र गिरीश चंद निवासी सोनला, थाना नंदप्रयाग, चमोली शामिल हैं। तलाशी के दौरान नितिन के पास से 5.45 ग्राम तथा अनूप के पास से 5.96 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्वयं भी नशे के आदी हैं और देहरादून तथा डोईवाला क्षेत्र में टैक्सी चालकों और मजदूरों को ऊंचे दामों पर स्मैक बेचते थे। इससे उन्हें मुनाफा होने के साथ-साथ अपने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए पैसे भी मिल जाते थे।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली डोईवाला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आदित्य सैनी, एएसआई मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार तथा कांस्टेबल सलेकचंद शामिल रहे।

