दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 120 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

देहरादून ।पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली विकासनगर क्षेत्र से 120 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन को भी सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कुल्हाल चौकी पुलिस ने पांवटा साहिब की ओर से आ रहे संदिग्ध छोटा हाथी वाहन (एचआर-47-एच-9508) को रोककर तलाशी ली। जांच में वाहन से चंडीगढ़ मार्का ‘9 वन’ मेक व्हिस्की की 120 पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस ने मौके से वाहन चालक जय सिंह, अमित कुमार और मंजीत, निवासी हरियाणा, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के परिवहन संबंधी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने अवैध शराब, तस्करी में प्रयुक्त वाहन तथा लगभग 35 हजार रुपये नकद बरामद किए।
तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में आबकारी अधिनियम की धाराओं 63 एवं 72 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को चौकी प्रभारी कुल्हाल उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, कांस्टेबल राजकुमार तथा होमगार्ड मनोज कुमार की टीम ने अंजाम दिया।

