नानकचंद ने संभाला कांग्रेस अनुसूचित विभाग में राष्ट्रीय संयोजक का कार्यभार
देहरादून। नानकचंद ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित विभाग में राष्ट्रीय संयोजक का कार्यभार ग्रहण किया। आयोजित पदभार ग्रहण कार्यक्रम में राजेंद्र पाल गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने की। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि नानकचंद की नियुक्ति उत्तराखंड कांग्रेस परिवार के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लंबे संघर्ष, संगठन के प्रति निष्ठा और समाज के वंचित वर्गों के प्रति समर्पण का परिणाम है।
मुख्य अतिथि राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक मूल्यों की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने का कार्य कांग्रेस निरंतर करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग और कमजोर तबकों के अधिकारों की रक्षा कांग्रेस की ऐतिहासिक जिम्मेदारी रही है। नानकचंद के अनुभव और संगठन क्षमता से पूरे देश के कार्यकर्ताओं को नई प्रेरणा मिलेगी।
कांग्रेस संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया ने राजेंद्र पाल गौतम के उत्तराखंड आगमन का स्वागत करते हुए कहा कि उनका आगमन कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि नानकचंद के नेतृत्व में अनुसूचित जाति विभाग सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा देगा।
नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक नानकचंद ने कहा कि वे अनुसूचित जाति समाज की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस सामाजिक न्याय, दलित सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम में गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि यह समारोह केवल पदभार ग्रहण नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के संघर्ष को तेज करने का संकल्प है।
इस दौरान धरमपुर विधानसभा के वार्ड नंबर 73 के निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी सतेंद्र वर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन सीपी सिंह ने किया।
कार्यक्रम में विकास नेगी, विशाल सिंह भोजक, मदन लाल, सुलेमान अंसारी, संजय शर्मा, मोहन काला, दर्शन लाल, पीयूष गौड़, राव नसीम, डिंपल सिंह, रेहाना परवीन और अमन सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

