89.81 किलो गांजा प्रकरण में नशा तस्करों की 25 लाख की अवैध संपत्ति जब्त, पौड़ी पुलिस का डबल प्रहार

89.81 किलो गांजा प्रकरण में नशा तस्करों की 25 लाख की अवैध संपत्ति जब्त, पौड़ी पुलिस का डबल प्रहार
Spread the love

पौड़ी।“ड्रग फ्री देवभूमि अभियान” के तहत पौड़ी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 89.81 किलोग्राम गांजा बरामदगी मामले में तस्करों की लगभग 25 लाख रुपये की अवैध संपत्ति सीज कर दी है। पहले आरोपियों को जेल भेजा गया और अब उनकी नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर भी कार्रवाई की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि नशा तस्करी से जुड़े अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ उनकी अवैध संपत्तियों को भी चिन्हित कर जब्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मामला 12 मार्च 2026 का है, जब कोतवाली लैंसडाउन पुलिस और सीआईयू टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान वाहन संख्या UK 07 AP 3513 और UP 16 PC 0036 की तलाशी लेने पर कुल 89.81 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। पुलिस ने मामले में कुल सात अभियुक्तों — लव कुमार, यशवंत सिंह नेगी, महिपाल सिंह, बिट्टू सैनी, राजेन्द्र सिंह, जगत सिंह और स्वरूप नौटियाल — को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
वित्तीय विवेचना के दौरान अभियुक्तों के बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन और नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों का खुलासा हुआ। इसके बाद विवेचनाधिकारी द्वारा रिपोर्ट सक्षम प्राधिकरण एवं प्रशासक (SAFEMA), नई दिल्ली को भेजी गई। जांच सही पाए जाने पर SAFEMA कोर्ट ने आरोपियों की संपत्तियों को फ्रीज एवं जब्त करने के आदेश जारी किए।

पुलिस द्वारा जब्त की गई संपत्तियों में पांच चौपहिया वाहन और बैंक खातों में जमा लगभग 2.07 लाख रुपये शामिल हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब्त संपत्तियों की नीलामी की कार्रवाई भी की जाएगी। पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और अवैध कमाई पर भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles