उत्तरकाशी की पूजा परमार राणा को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार

उत्तरकाशी की पूजा परमार राणा को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार
Spread the love

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2026 के राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद की ऑग्जीलियरी नर्स मिडवाइफ सुश्री पूजा परमार राणा को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।

पूजा परमार राणा वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव, जनपद उत्तरकाशी में कार्यरत हैं। उन्हें हिमालयी अंचल के दुर्गम एवं संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले 15 वर्षों से समर्पित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए यह सम्मान दिया गया।

कोविड-19 महामारी के दौरान पूजा परमार राणा ने यमुना नदी तटवर्ती क्षेत्रों में पहली वैक्सीनेटर के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की।

उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल संचालन में सक्रिय योगदान दिया। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में उनकी भूमिका को विशेष रूप से सराहा गया।

उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें पूर्व में राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ ऑग्जीलियरी नर्स मिडवाइफ पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार से सम्मानित होना उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles