ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल पैदल पहुंचे कार्यालय
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पैदल चलकर कार्यालय पहुंचकर एक प्रेरणादायी पहल की। इस दौरान रास्ते में लोगों ने उनका अभिनंदन किया, जिसे जिलाधिकारी ने विनम्रता से स्वीकार किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कदम ईंधन की बचत, पर्यावरण संरक्षण और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से उठाया गया है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल अपने कार्यकाल के दौरान जनहित से जुड़े कई नवाचार और पहल कर चुके हैं। उन्होंने शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराने, सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए निरीक्षण एवं छापेमारी करने तथा जरूरतमंद एवं निर्धन परिवारों की सहायता जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी है।
इसके साथ ही वे अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्यशैली अपनाने और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश भी लगातार देते रहे हैं।

