विक्रम शर्मा हत्याकांड में 1 लाख का इनामी आरोपी गिरफ्तार, देहरादून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई

विक्रम शर्मा हत्याकांड में 1 लाख का इनामी आरोपी गिरफ्तार, देहरादून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई
Spread the love

देहरादून। विक्रम शर्मा हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी आरोपी को देहरादून पुलिस और एसटीएफ उत्तराखंड की संयुक्त टीम ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए पश्चिम बंगाल भाग गया था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

जानकारी के अनुसार 13 फरवरी 2026 को सिल्वर सिटी, राजपुर रोड स्थित जिम से बाहर आते समय विक्रम शर्मा की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में कोतवाली डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान झारखंड से आए आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि छह अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने वारंट और कुर्की की कार्रवाई की थी तथा सभी पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी क्रम में 12 मई 2026 को देहरादून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर सहारनपुर में दबिश देकर आरोपी यशराज सिंह निवासी जमशेदपुर, झारखंड को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथियों विशाल सिंह, आकाश प्रसाद, अंकित वर्मा और जितेंद्र साहू के साथ मिलकर विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने पहले नोएडा और दिल्ली में भी हत्या का प्रयास किया था, लेकिन असफल रहने पर देहरादून में वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई।

आरोपी ने बताया कि उसके साथी अंकित वर्मा ने विक्रम शर्मा की दिनचर्या और आवाजाही की रेकी की थी। योजना के तहत जिम आते-जाते समय हत्या की साजिश बनाई गई। घटना में इस्तेमाल वाहनों और आरोपियों के आने-जाने व ठहरने के खर्च के लिए भी यशराज द्वारा फंडिंग की गई थी।
घटना के बाद आरोपी पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में अपनी बुआ के घर छिपा हुआ था। हाल ही में वह अपने पिता के वकील से मिलने हरिद्वार आया था और बाद में सहारनपुर पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी यशराज सिंह पुत्र राजकुमार सिंह, निवासी गारावारसू, थाना बागबेड़ा, जमशेदपुर, जिला पूर्वी सिंहभूम, झारखंड।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, एसटीएफ के अधिकारी एवं एसओजी नगर देहरादून की टीम शामिल रही।

देवभूमि खबर

Related articles