पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी देने पर ज्योति रौतेला समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज

पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी देने पर ज्योति रौतेला समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज
Spread the love

देहरादून। कोतवाली डालनवाला पुलिस ने परेड ग्राउंड स्थित पेयजल विभाग की पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी देने और सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में ज्योति रौतेला सहित अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार 11 मई 2026 को ज्योति रौतेला एवं नर्सिंग बेरोजगार संगठन के अन्य सदस्य अपनी मांगों को लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। काफी समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नीचे नहीं उतरे और अपनी मांगों को मनवाने के लिए दबाव बनाते रहे। वहीं अन्य समर्थकों द्वारा टंकी के नीचे धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात पुलिस बल तैनात किया गया। 12 मई को ज्योति रौतेला द्वारा कथित रूप से अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी दी गई, जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें ऐसा कदम न उठाने की अपील की। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा मुख्य सड़क पर जाम लगाकर यातायात बाधित किया गया।

प्रशासन द्वारा मांगों का प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के बाद 13 मई को ज्योति रौतेला अपने चार साथियों के साथ पानी की टंकी से नीचे उतर आईं।

पुलिस ने मामले में ज्योति रौतेला एवं अन्य सहयोगियों के विरुद्ध मु0अ0सं0-74/2026 के तहत धारा 126(2), 221, 223, 226, 292, 329(3) बीएनएस एवं 23 पेट्रोलियम अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया है।

देवभूमि खबर

Related articles