उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग ने तीसरे चरण में 19 राज्यों के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की घोषणा की है। उत्तराखण्ड में यह प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संपन्न कराई जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार राज्य में 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और कर्मचारियों के प्रशिक्षण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन करेंगे।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा। वहीं 10 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिस जारी कर दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में 11,733 पोलिंग बूथ हैं, जिनके सापेक्ष विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 21,808 बीएलए नियुक्त किए जा चुके हैं।
इस संबंध में डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस ब्रीफिंग कर विस्तृत जानकारी दी।

