SSC परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का बड़ा खुलासा, STF ने मास्टरमाइंड नेटवर्किंग एक्सपर्ट को दबोचा
देहरादून।उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर लगातार कार्रवाई कर रही स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक और बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने SSC परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त ने परीक्षा केंद्र में सर्वर रूम, परीक्षा लैब और अंडरग्राउंड चैंबर तैयार कर पूरे नेटवर्किंग सिस्टम को संचालित किया था।
एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ईश्वरी प्रसाद उर्फ इन्द्रजीत शर्मा उर्फ इन्दर निवासी निहाल विहार दिल्ली के रूप में हुई है। उसे देहरादून के नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 2 इंटरनेट राउटर बरामद हुए, जिन्हें वह परीक्षा लैब में लगाने की तैयारी कर रहा था।
एसटीएफ के अनुसार SSC द्वारा आयोजित मल्टी टास्किंग स्टाफ एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के मामले में पूर्व में भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी विवेचना एसटीएफ द्वारा की जा रही है।
पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त दिल्ली में नेटवर्किंग और इलेक्ट्रिकल कार्य का ठेका लेता था और उसने कई परीक्षा केंद्रों में नेटवर्क सेटअप तैयार किया। उसने महादेव डिजिटल जोन देहरादून की लैब में ऐसा सिस्टम तैयार किया था, जिससे सर्वर रूम से अलग कनेक्शन अंडरग्राउंड चैंबर तक पहुंचाया गया था, ताकि सॉल्वर दूर बैठकर सिस्टम का रिमोट एक्सेस ले सकें।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 1 लैपटॉप, 4 मोबाइल फोन, 14 ब्लूटूथ एवं रिसीवर डिवाइस, 20 बैटरियां, 2 इंटरनेट राउटर और एक फर्जी आईडी कार्ड बरामद किया गया है।
एसटीएफ ने खुलासा किया कि नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी सहित कुछ अन्य परीक्षा केंद्रों के सर्वर भी कम्प्रोमाइज होने की आशंका है। खास बात यह है कि 18 मई 2026 को होने वाली SSC कांस्टेबल जीडी ऑनलाइन परीक्षा के लिए भी यही केंद्र निर्धारित था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ ने तत्काल SSC के क्षेत्रीय निदेशक दिल्ली को सूचना भेज दी है तथा संबंधित परीक्षा केंद्र को सील कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF ने बताया कि मामले में कई और अहम जानकारियां सामने आई हैं और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

