चारधाम यात्रा के दौरान उत्तरकाशी पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, ₹2.7 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी।चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस लगातार सक्रिय रूप से चेकिंग अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में यात्रा मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं नशा तस्करों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट श्री चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष पुरोला श्री दीपक कठैत के नेतृत्व में पुरोला पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 20 मई 2026 की रात्रि विकासनगर-बड़कोट मोटर मार्ग स्थित नौगांव सौली बैण्ड के पास चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल संख्या UK07HD76319 (बुलेट) पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 8.91 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹2.7 लाख बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रमेश सिंह राणा पुत्र अर्जुन सिंह राणा निवासी ग्राम फिताड़ी थाना मोरी जनपद उत्तरकाशी तथा लाखन सिंह रावत पुत्र अमीन सिंह रावत निवासी ग्राम लिवाड़ी थाना मोरी जनपद उत्तरकाशी शामिल हैं। दोनों की उम्र 27 वर्ष बताई गई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह रावत प्रभारी चौकी नौगांव, मुख्य आरक्षी विरेन्द्र सिंह एवं मुख्य आरक्षी राजेन्द्र कुमार शामिल रहे।
उत्तरकाशी पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के 18 मामलों में 22 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा 8 किलो से अधिक चरस, 41.41 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। वहीं 4 तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई तथा अवैध अफीम खेती के मामलों में 31 भू-स्वामियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

