मासिक अपराध गोष्ठी में एसएसपी श्वेता चौबे के सख्त तेवर, 46 पुलिस कर्मी सम्मानित
टिहरी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे ने मासिक अपराध गोष्ठी में अपराधियों, नशा तस्करों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि जनपद में अपराध और नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बरतने वालों के प्रति भी कठोर रुख अपनाया जाएगा।
पुलिस लाइन चंबा में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी एवं सम्मेलन की शुरुआत पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनने से हुई। एसएसपी ने कार्मिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 46 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “Employee Of The Month” सम्मान से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। दूरस्थ थानों के थाना प्रभारियों ने गोष्ठी में ऑनलाइन प्रतिभाग किया।
गोष्ठी में अपराधों, लंबित विवेचनाओं, महिला अपराध, साइबर अपराध, मादक पदार्थों से जुड़े मामलों तथा विभिन्न पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने पीड़ित केंद्रित, संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिसिंग को प्राथमिकता देने तथा आमजन के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा को लेकर एसएसपी ने विशेष दिशा-निर्देश जारी करते हुए यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य और सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन, सीनियर सिटीजन पोर्टल, अपनी सरकार पोर्टल तथा उत्तराखंड पुलिस ऐप एवं डायल-112 से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं, जांचों और न्यायालय से निर्गत आदेशों की तामीली में तेजी लाने, अज्ञात शवों की शत-प्रतिशत शिनाख्त, गुमशुदाओं की बरामदगी और महिला संबंधी मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही आपदा प्रबंधन की तैयारियों को समय से पूरा करने और ग्राम प्रहरियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश भी जारी किए।
गोष्ठी में सहायक अभियोजन अधिकारी द्वारा विशेष अपराधों की विधिक समीक्षा प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी चंद्रमोहन सिंह, महेश लखेड़ा, सुरेंद्र सिंह भंडारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार, एसडीआरएफ दलनायक कविंद्र सजवान सहित जनपद के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

