50 हजार रुपये की रिश्वत लेते JE फैसल खान विजिलेंस ट्रैप में गिरफ्तार
पशुलोक बैराज के टेंडर भुगतान के बदले मांगी थी रिश्वत, सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने रंगे हाथ दबोचा
देहरादून। सरकारी विभाग में टेंडर कार्य से जुड़े एक शिकायतकर्ता द्वारा टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उन्होंने पशुलोक बैराज ऋषिकेश में एक टेंडर डाला था, जिसके भुगतान के बदले संबंधित विभाग के जेई फैसल खान द्वारा अवैध रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान देहरादून में अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान द्वारा ट्रैप टीम का गठन किया गया।
विजिलेंस ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए दिनांक 21 मई 2026 को आरोपी फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोराताल थाना काशीपुर जनपद ऊधमसिंहनगर को शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर शिकायत दर्ज कर भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में सहयोग कर सकता है।

