किरायेदार सत्यापन, नशा तस्करों पर कार्रवाई और लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर जोर, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 18 पुलिसकर्मी सम्मानित

Spread the love

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति द्वारा पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, शाखा प्रभारियों एवं पुलिस कर्मियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी एवं सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण तथा पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सम्मेलन के दौरान एसएसपी ने पुलिस कर्मियों की विभागीय, व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मासिक अपराध समीक्षा बैठक में जनपद के सभी थानों में दर्ज अपराधों, अभियुक्तों के विरुद्ध की गई कार्रवाई तथा लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने, महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर ठगी से बचाव के लिए स्कूलों, कॉलेजों एवं आमजन के बीच अधिक से अधिक जागरूकता गोष्ठियां आयोजित करने को कहा गया।

बैठक में हिस्ट्रीशीटरों की लगातार निगरानी रखने, सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने तथा अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित अभियानों, विशेष रूप से “ऑपरेशन प्रहार” एवं “ऑपरेशन लगाम” के तहत नशा तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालने, उनके खिलाफ गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट एवं पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करने तथा हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस उपाधीक्षकों को लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा थाना प्रभारियों को विवेचकों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक के अंत में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 18 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

देवभूमि खबर

Related articles