सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं, तत्काल हटाएं कब्जे: मयूर दीक्षित
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर हाल में आमजन तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण भी करें।
जिला कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके अधीन यदि किसी भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया गया है तो संबंधित व्यक्तियों को 15 दिन का नोटिस जारी कर तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों के लिए आगामी तीन माह की कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध तरीके से हो सके।
गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी ने जल संस्थान एवं पेयजल निगम को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संकट उत्पन्न हो रहा है वहां टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही लीकेज वाली पेयजल लाइनों की मरम्मत तत्काल कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, अनावश्यक कटौती रोकने तथा बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जर्जर विद्युत पोल एवं झूलती विद्युत लाइनों का सेफ्टी ऑडिट कराने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को राशन कार्डों के सत्यापन का कार्य तेजी से पूरा करने, मृत व्यक्तियों के नाम हटाने तथा बाहरी व्यक्तियों के राशन कार्ड न बनाए जाने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को आगामी मानसून के मद्देनजर डेंगू एवं अन्य बीमारियों की रोकथाम हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने को कहा गया।
उन्होंने लंबित मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्यों को भी त्वरित गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में संचालित जन सेवा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा।
बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी डॉ लालित नारायण मिश्र,अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता,एसएलओ आकाश जोशी,अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अनिल वर्मा, सहायक आयुक्त खाद्य महिमानंद जोशी,जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा० शि०)अमित कुमार चन्द, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल,जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, स्वजल नोडल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी,मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह जिला स्तरीय सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

