उत्तरकाशी पुलिस का ग्राउंड एक्शन तेज,एसपी कमलेश उपाध्याय ने जानकीचट्टी में कैंप कर संभाली सुरक्षा और यात्रा व्यवस्थाओं की कमान
उत्तरकाशी। पुलिस ने चारधाम यात्रा 2026 के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत कर दिया है। कमलेश उपाध्याय ने 23 और 24 मई 2026 को दो दिन तक जानकीचट्टी में कैंप कर यात्रा व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया।
यात्रा पीक के दौरान यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए एसपी ने यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, कुली एजेंसी संचालन तथा बिरला तिराहा, राम मंदिर और नौ कैंची सहित संवेदनशील स्थलों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
यमुनोत्री पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जानकीचट्टी और यमुनोत्री में तैनात पुलिस बल को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। एक समय में निर्धारित संख्या में ही घोड़ा-खच्चर और डंडी-कंडी संचालन सुनिश्चित करने, भीड़ नियंत्रण को प्रभावी बनाए रखने तथा बढ़ती श्रद्धालु संख्या के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर विशेष जोर दिया गया।
जानकीचट्टी में आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों को यातायात और पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी रखने तथा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
एसपी कमलेश उपाध्याय ने यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं पैरामिलिट्री बल के जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका हालचाल जाना और आगामी मानसून सीजन के दौरान पूर्ण सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने तीर्थयात्रियों की हरसंभव सहायता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
पालीगाड से जानकीचट्टी के मध्य स्थित संकरे एवं संवेदनशील स्थलों का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। आगामी मानसून को देखते हुए सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को पालीगाड, कुथनौर, खरादी और बड़कोट सहित निर्धारित होल्डिंग एरिया में नियंत्रित रूप से रोकने तथा आवश्यकतानुसार प्रभावी वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी जारी किए गए।
इस दौरान चंचल शर्मा, लव शर्मा, सुभाष चंद्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

