45 हजार रुपये रिश्वत लेते पुलिसकर्मी रंगे हाथ गिरफ्तार खनन वाहन सीज कराने की धमकी देकर मांगी जा रही थी अवैध रकम
देहरादून।सतर्कता अधिष्ठान उत्तराखंड की ट्रैप टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नैनीताल जनपद में तैनात एक पुलिसकर्मी को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता द्वारा टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि वह सरकारी खनन पट्टे पर आरबीएम निकालने का कार्य करता है तथा आरबीएम को स्थानीय स्टोन क्रेशर तक पहुंचाने के लिए वाहनों का उपयोग किया जाता है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दीपक सिंह, जो वर्तमान में थाना बेतालघाट में तैनात है, द्वारा वाहनों को अनावश्यक रूप से रोकने, चालान करने और वाहन सीज कराने की धमकी देकर 45 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
सतर्कता टीम ने 25 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल दीपक सिंह पुत्र खुशाल सिंह निवासी बिलहरी, चकरपुर थाना कोतवाली खटीमा, जनपद ऊधमसिंह नगर को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की अवैध रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ वी मुरूगेशन ने आमजन से भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर शिकायत दर्ज करा सकता है।

