डीएम आशीष कुमार भटगांई ने जनसुनवाई  में अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के सख्त निर्देश

डीएम आशीष कुमार भटगांई ने जनसुनवाई  में अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के सख्त निर्देश
Spread the love

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने सोमवार को आयोजित जनसुनवाई दिवस में आमजन की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई में जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, राजस्व, वन, पेंशन, रोजगार, सुरक्षा एवं विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जनसुनवाई के दौरान 60 से अधिक प्रकरण प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई में अनुसूचित जाति परिवारों के पारस्परिक मार्ग अवरुद्ध होने, पारिवारिक पेंशन स्वीकृति, ध्वनि प्रदूषण तथा ग्रामीण मार्ग निर्माण से जुड़े मामले प्रमुखता से उठाए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सड़क निर्माण, मोटर मार्ग डामरीकरण, सड़क चौड़ीकरण, पुल निर्माण, सिंचाई नहर संचालन, पेयजल योजनाओं की व्यवस्था, विद्यालय भवनों की मरम्मत, शिक्षकों की नियुक्ति, मोबाइल टॉवर स्थापना, खेल मैदान निर्माण तथा पोल लाइट लगाने संबंधी मांगें भी जनसुनवाई में प्रमुखता से उठीं।


जनसुनवाई में अवैध वृक्ष कटान की जांच, राशन कार्ड सत्यापन तिथि बढ़ाने, निराश्रित गोवंश संरक्षण, आय प्रमाण पत्र जारी करने, खाद्यान्न आपूर्ति, किरायेदारी विवाद, भू-संबंधी शिकायतें, एफआईआर दर्ज कराने तथा भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्यों से जुड़े मामले भी सामने आए।
इसी क्रम में कृष्णापुरी टनकपुर रोड क्षेत्र के निवासियों ने क्षतिग्रस्त नालियों, लंबे समय से सफाई न होने से फैल रही दुर्गंध तथा पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक नगर आयुक्त को तत्काल मौके का निरीक्षण कर नाली सफाई एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने तथा पेयजल व्यवस्था सुचारु कराने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन जनता के प्रति पूर्ण रूप से जवाबदेह है।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा, उप प्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी के साथ ही तमाम विभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles