प्रदेश के लिए तैयार होगी समग्र बागवानी योजना
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) वित्तपोषित उत्तराखण्ड एकीकृत बागवानी विकास परियोजना से संबंधित उच्च अधिकार प्राप्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को प्रदेश के लिए समग्र बागवानी योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड में उन्नत बागवानी की अपार संभावनाएं हैं और इन्हें ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने प्रदेश में बागवानी क्षेत्र के विस्तार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसानों को हैंड होल्डिंग, प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है। विशेष रूप से ग्राफ्टिंग तकनीक के अधिकाधिक प्रशिक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इससे उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सकती है।
आनन्द बर्द्धन ने उत्पादन बढ़ाने के लिए क्लस्टर एप्रोच अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि केवल उत्पादन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मजबूत सप्लाई चेन विकसित करने और कोल्ड स्टोरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने की भी आवश्यकता है। उन्होंने उन्नत किस्मों के प्रयोग और बागवानी क्षेत्र विस्तार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न योजनाओं में किसी प्रकार की डुप्लीकेसी न हो तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद भी किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में उद्यान विभाग की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बैठक में एस एन पाण्डेय, वंदना सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

