विद्यालयों में पहुंची रुद्रप्रयाग पुलिस, छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और नशे के प्रति किया जागरूक

विद्यालयों में पहुंची रुद्रप्रयाग पुलिस, छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और नशे के प्रति किया जागरूक
Spread the love

रुद्रप्रयाग। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में कोतवाली ऊखीमठ पुलिस द्वारा प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी के नेतृत्व में क्षेत्र के विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज परखंडी तथा राजकीय इंटर कॉलेज मक्कूमठ पहुंचकर छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय की सामाजिक चुनौतियों, अपराधों और कानूनी अधिकारों के प्रति विस्तार से जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और साइबर ठगी होने की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए ड्रग्स के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से बताया। साथ ही “नशा मुक्त देवभूमि” के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया गया।

छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। इस दौरान बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन न चलाने, कम उम्र में वाहन संचालन से बचने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई।

इसके अलावा महिला सुरक्षा, पॉक्सो (POCSO) एक्ट, कानूनी अधिकारों तथा आपात स्थिति में पुलिस सहायता नंबर 112 के उपयोग की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को जागरूकता संबंधी बुकलेट वितरित की गईं, ताकि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इन विषयों के प्रति जागरूक कर सकें।

देवभूमि खबर

Related articles