पद्म भूषण सम्मान पर पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी का दिल्ली में भव्य अभिनंदन

पद्म भूषण सम्मान पर पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी का दिल्ली में भव्य अभिनंदन
Spread the love

नई दिल्ली में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल (फेम) और भाजपा परिवार की ओर से उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोशियारी को पद्म भूषण सम्मान मिलने पर भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रेस क्लब दिल्ली में किया गया, जिसमें व्यापार मंडल और उत्तराखंड मूल के लोगों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की।

समारोह में भारत सरकार के नेशनल ट्रेड बोर्ड सदस्य आर.के. गौड़, फेडरेशन के वरिष्ठ नेता सीए राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष गुरचरण सिंह राजू और प्रदेश महामंत्री राजीव शर्मा ने व्यापारियों की ओर से श्री कोश्यारी का जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सीए राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली ने की। उन्होंने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को मिला पद्म भूषण सम्मान पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि कोश्यारी का 66 वर्षों का सार्वजनिक जीवन पत्रकारिता, शिक्षा और राजनीति के क्षेत्र में अतिविशिष्ट योगदान से भरा रहा है, जिसके लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर पद्म भूषण से सम्मानित भगत सिंह कोशियारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विजन के कारण आज उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरा देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड निरंतर प्रगति कर रहा है और देश विकास का नया इतिहास रच रहा है।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति को सम्मान पाने के लिए नहीं बल्कि देश और मातृभूमि के उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए। उन्हें मिला यह सम्मान पूरे उत्तराखंड की जनता का सम्मान है। साथ ही उन्होंने लोगों से जहां भी रहें वहां के प्रति ईमानदार रहने का संदेश दिया।

समारोह में पी.के. शर्मा, अनिल शर्मा, अरविंद श्रीवास्तव, महिपत रावत, ललित गुप्ता, मनोज वर्मा, विनोद जिंदल, सूर्य प्रकाश सेमवाल, डॉ. विनोद बछेती, डॉ. हरिसुमन बिष्ट, पंकज पैन्यूली, प्रताप थलवाल, मुरार कंडारी, सत्यप्रकाश नौटियाल, अनिल पंत और गिरीश शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उत्तराखंड मूल के लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles