45 दिन के भीतर आबादी क्षेत्र से हटेगी अंग्रेजी शराब की दुकान, विधायक बंशीधर भगत के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित

45 दिन के भीतर आबादी क्षेत्र से हटेगी अंग्रेजी शराब की दुकान, विधायक बंशीधर भगत के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी।

नैनीताल/कालाढूंगी। कालाढूंगी के आबादी वाले क्षेत्र में खोली गई शराब की दुकान के विरोध में पिछले एक सप्ताह से चल रहे आंदोलन के बीच क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री Banshidhar Bhagat ने बड़ा आश्वासन दिया है। उन्होंने आंदोलनकारियों और क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि डेढ़ महीने यानी 45 दिनों के भीतर आबादी वाले क्षेत्र से अंग्रेजी शराब की दुकान हटा दी जाएगी, जबकि देशी शराब की दुकान को बंद करा दिया गया है।


शराब की दुकान के विरोध में क्षेत्र की जनता लगातार धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन और जनजागरण अभियान चला रही थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि आबादी वाले क्षेत्र में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक और पारिवारिक माहौल प्रभावित होगा। इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में व्यापक जनसमर्थन देखने को मिला और मामला लगातार चर्चा में बना रहा।

विधायक बंशीधर भगत के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने अपना धरना-प्रदर्शन फिलहाल स्थगित कर दिया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया और समर्थन में नारे लगाए।

हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि 45 दिनों के भीतर आबादी वाले क्षेत्र से शराब की दुकान नहीं हटाई गई तो वे पुनः आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी विधायक, जिला प्रशासन और आबकारी विभाग की होगी।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, जिला पंचायत सदस्य अरनव कम्बोज, हरिओम तिवारी, कमल अधिकारी, नेहा पंत, किरण जोशी, कमला देवी, गीता जोशी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं मातृशक्ति मौजूद रही।

देवभूमि खबर

Related articles