रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हुआ पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चमियाला का सात दिवसीय समर कैंप

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हुआ पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चमियाला का सात दिवसीय समर कैंप
Spread the love

चमियाला। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चमियाला में आयोजित सात दिवसीय समर कैंप का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। समर कैंप का शुभारंभ 27 मई 2026 को प्रधानाचार्य रवीन्द्र सिंह तनवार द्वारा दीप प्रज्वलन एवं प्रेरणादायक संबोधन के साथ किया गया था। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं को समर कैंप की रूपरेखा एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

समर कैंप के दौरान प्रतिदिन योग प्रशिक्षक द्वारा योगाभ्यास कराया गया। इसके अलावा छात्र-छात्राओं के लिए खेलकूद, पेंटिंग, क्ले क्राफ्ट, कहानी लेखन, कविता पाठ, चुटकुले, मेहंदी, रंगोली, लोक परिधान में रैंप वॉक, बैंड प्रतियोगिता, लोकधुन, निबंध लेखन तथा विभिन्न भारतीय भाषाओं से जुड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रत्येक दिन प्रतिभागियों को जलपान भी उपलब्ध कराया गया।

समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रवीन्द्र सिंह तनवार ने समर कैंप को सरकार एवं शिक्षा विभाग की छात्रहित में एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा ममता रावत, शिक्षक अभिभावक संघ के अध्यक्ष पूरण परमार, समर कैंप प्रभारी उत्तम सेमवाल, संजीव सेमवाल, उत्तम सिंह कोहली, शोभा शर्मा, सुनील बिष्ट, विनीता कोटनाला, रोशन शाह, रणवीर राणा एवं लता थपलियाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles