HTML tutorial
HTML tutorial

दून पुलिस की तड़के बड़ी कार्रवाई- पुलिस मुठभेड़ में राजस्थान के दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

दून पुलिस की तड़के बड़ी कार्रवाई- पुलिस मुठभेड़ में राजस्थान के दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
Spread the love

देहरादून। दून पुलिस को तड़के सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। नयागांव क्षेत्र में नाकेबंदी और सघन चेकिंग के दौरान राजस्थान के दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा बदमाश पुलिस द्वारा पीछा कर दबोच लिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस ने तीन अन्य फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार नयागांव चौकी बैरियर पर चेकिंग के दौरान राजस्थान नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार बदमाशों ने बैरियर पर टक्कर मारते हुए वाहन को सेलाकुई की ओर भगा लिया। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया। बदमाश चांदनी चौक से भूरपुर की ओर भागे और रामगढ़ के रपटे के पास कार छोड़कर नदी की तरफ फरार होने लगे। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए दून अस्पताल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके और चिकित्सालय पहुंचे तथा पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे, खोखा, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान रिंकू मीणा (30 वर्ष) पुत्र सियाराम, निवासी ग्राम अखरोट, तहसील मंडावर, जिला दौसा (राजस्थान) तथा विनोद कुमार मीणा (32 वर्ष) पुत्र रामलाल मीणा, निवासी ग्राम एवं पोस्ट झारेड़ा, तहसील हिंडौन सिटी, जिला करौली (राजस्थान) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में घायल रिंकू मीणा के विरुद्ध राजस्थान में हत्या सहित कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विनोद मीणा के खिलाफ भी राजस्थान में कई गंभीर अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस फरार तीन अन्य बदमाशों की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही है।

देवभूमि खबर

Related articles