दून विश्वविद्यालय में आज से दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला, इंडस्ट्री 4.0 में AI, मटेरियल साइंस और साइबर सुरक्षा पर होगा मंथन
देहरादून। दून विश्वविद्यालय में 5 एवं 6 जून 2026 को ANRF–PAIR परियोजना के अंतर्गत “इंडस्ट्री 4.0 के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मटेरियल साइंस एवं साइबर सुरक्षा के अभिसरण” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (IIT Madras) के सहयोग से आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला समन्वयक डॉ. चारु द्विवेदी ने बताया कि यह कार्यशाला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (IIT Madras) के सहयोग से आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहाँ वे आधुनिक विनिर्माण, उन्नत सामग्री विज्ञान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध एवं तकनीकी विकास पर विचार-विमर्श कर सकें।
कार्यशाला के दौरान विभिन्न विशेषज्ञ व्याख्यान, तकनीकी सत्र एवं संवादात्मक चर्चाएँ आयोजित की जाएँगी, जिनके माध्यम से प्रतिभागियों को इंडस्ट्री 4.0 से संबंधित उभरती प्रौद्योगिकियों और उनके औद्योगिक अनुप्रयोगों की जानकारी प्राप्त होगी। डॉ द्विवेदी ने कहा कि यह कार्यशाला अकादमिक जगत और उद्योग के बीच सहयोग को सुदृढ़ करने तथा नवाचार एवं अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

