मालवीय नगर अग्निकांड के बाद हरिद्वार में अग्नि सुरक्षा पर सख्ती, 28 प्रतिष्ठानों की जांच में 16 में मिली खामियां
हरिद्वार। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में 3 जून को हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मृत्यु के बाद हरिद्वार जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक जांच शुरू कर दी गई है। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में जिलेभर में विशेष अग्नि सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव ने बताया कि अभियान के तहत होटल, गेस्ट हाउस, होम-स्टे, रेस्टोरेंट, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल, सिनेमा हॉल, विवाह एवं बैंक्वेट हॉल, बहुमंजिला व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य जनसमागम स्थलों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों द्वारा अब तक 28 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है। जांच के दौरान 16 प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों से संबंधित खामियां पाई गईं, जबकि 6 प्रतिष्ठानों में आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की व्यवस्था ही नहीं मिली।
अग्निशमन विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी करते हुए सभी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार नहीं किए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें चालान और प्रतिष्ठान को सील करने जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने जनपदवासियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके और जन-धन की हानि से बचाव किया जा सके।

