डोईवाला पुलिस ने 12 घंटे में चोरी का किया खुलासा, चोरी की ज्वैलरी व नकदी की बरामद
डोईवाला। डोईवाला क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का देहरादून पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मामा-भांजे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने नशे और ऑनलाइन गैम्बलिंग की लत पूरी करने के लिए अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को रेशम माजरी पाल मोहल्ला निवासी मोनिका गोस्वामी ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई कि वह परिवार के साथ बद्रीनाथ धाम दर्शन के लिए गई थीं। घर लौटने पर अलमारी में रखी ज्वैलरी और नकदी गायब मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान 6 जून को फतेहपुर टांडा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वादिनी के पुत्र चिराग बोरा और भाई अमित सिंह नेगी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। अमित नेगी ने बताया कि वह नशे का आदी है, जबकि चिराग ऑनलाइन गेमिंग और गैम्बलिंग का आदी है। परिवार के अन्य सदस्य बद्रीनाथ यात्रा पर गए थे, जबकि दोनों बहाना बनाकर घर पर ही रुक गए और रात में घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली। चोरी की नकदी का अधिकांश हिस्सा दोनों ने नशे और ऑनलाइन गेमिंग में खर्च कर दिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी की ज्वैलरी बेचने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी तथा 2,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को अमित सिंह नेगी (37 वर्ष), निवासी पाल मोहल्ला, रेशम माजरी, डोईवालाचिराग बोरा (18 वर्ष), निवासी पाल मोहल्ला, रेशम माजरी, डोईवाला के रूप में हुई।
उपनिरीक्षक आदित्य सैनी (चौकी प्रभारी लालतप्पड़), एएसआई मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल विकास फोर तथा कांस्टेबल गोनी पुरी ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

