मानवीय संवेदनशीलता से बचाई जान, जांच में निकले बाइक चोर; टिहरी पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

मानवीय संवेदनशीलता से बचाई जान, जांच में निकले बाइक चोर; टिहरी पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा
Spread the love

टिहरी गढ़वाल पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और तत्पर कार्रवाई का एक अनोखा मामला सामने आया है। जिन दो युवकों को पुलिस ने सड़क दुर्घटना में घायल होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई, वही बाद में चोरी की बाइक के आरोपी निकले। थाना घनसाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना घनसाली पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की। 7 जून 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली कि चम्पुवा मंदिर के पास एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई है और दो युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को मोटरसाइकिल संख्या UK07 AC 1373 दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिली।

पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी बेलेश्वर, चमियाला पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। घायलों ने अपनी पहचान अनुज सिंह राणा और साहिल सिंह निवासी खटीमा के रूप में बताई।

अगले दिन स्थानीय निवासी वीर सिंह ने थाना घनसाली में मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल वही थी, जो बस स्टेशन घनसाली से चोरी हुई थी। साथ ही यह भी स्पष्ट हुआ कि घायल हुए दोनों युवक ही बाइक चोरी की घटना में शामिल थे और चोरी की बाइक लेकर भागते समय दुर्घटना का शिकार हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पूछताछ के लिए जब पुलिस एम्स ऋषिकेश पहुंची तो दोनों युवक अस्पताल से छुट्टी लेकर फरार हो चुके थे। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और सघन अभियान चलाया।

अथक प्रयासों और प्रभावी सुरागरसी के बाद थाना घनसाली पुलिस ने 8 जून 2026 की रात दोनों आरोपियों को बालगंगा डिग्री कॉलेज के पास चमियाला रोड से गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) एवं 3(5) की बढ़ोतरी की गई है। आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

अनुज सिंह राणा पुत्र स्व. प्रेम सिंह राणा, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम चांदपुर, थाना खटीमा, जनपद ऊधमसिंह नगर।साहिल सिंह पुत्र दौलत राम, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम बानूशॉ पचपेड़ा, थाना खटीमा, जनपद ऊधमसिंह नगर।

पुलिस टीम: उपनिरीक्षक संजीत कुमार,अपर उपनिरीक्षक भास्कर सिंह,कांस्टेबल भास्कर सिंह,कांस्टेबल अरविन्द कुमार,सीआईयू टीम।

देवभूमि खबर

Related articles