बद्रीनाथ-केदारनाथ मास्टर प्लान की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, यात्रा सीजन के बाद सेंट्रल स्ट्रीट की छह इमारतों पर शुरू होगा काम
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में बद्रीनाथ धाम-केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत चल रहे विभिन्न निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मास्टर प्लान के अंतर्गत परिसंपत्तियों के हस्तांतरण की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों के तहत सेंट्रल स्ट्रीट की छह इमारतों को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए यात्रा सीजन समाप्त होने के बाद इनके निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पक्षों के साथ आवश्यक समझौते जल्द पूरा करने को कहा, ताकि कार्य शुरू करने में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने संस्कृति मंत्रालय की ओर से कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की भी जानकारी ली। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को इन कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जा सकें।
मुख्य सचिव ने मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर किसी भी प्रकार के निर्माण की अनुमति नहीं देने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में तत्काल शासनादेश जारी करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील एवं हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में किसी भी एजेंसी को निर्माण कार्य की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए। ऐसे क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों के दौरान सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के प्रथम और द्वितीय चरण के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
बद्रीनाथ में निर्माणाधीन अस्पताल की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि अस्पताल को लगभग 15 दिनों में शुरू करने की योजना है। मुख्य सचिव ने अस्पताल को निर्धारित समयसीमा में शुरू करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, एपीसीसीएफ डॉ. विवेक पाण्डेय, सुरेन्द्र मेहरा, सीसीएफ प्रसन्ना कुमार पात्रो, अपर सचिव विनीत कुमार, हिमांशु खुराना एवं अभिषेक रोहिला सहित संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
