आईजी गढ़वाल ने की देहरादून पुलिस की अपराध समीक्षा, सड़क सुरक्षा और वांछित अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

आईजी गढ़वाल ने की देहरादून पुलिस की अपराध समीक्षा, सड़क सुरक्षा और वांछित अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
Spread the love

देहरादून। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, देहरादून राजीव स्वरूप ने सोमवार को पुलिस लाइन देहरादून में जनपद के अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद में घटित अपराधों, उनके अनावरण, लंबित विवेचनाओं, सड़क सुरक्षा, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा सत्यापन अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

अपराध समीक्षा के दौरान आईजी गढ़वाल ने गंभीर अपराधों की सर्किलवार समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और गुण-दोष के आधार पर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही क्षेत्राधिकारियों को नियमित रूप से अपने सर्किल के थानों का निरीक्षण कर विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार की सराहना करते हुए आईजी ने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा मुख्यालय एवं रेंज स्तर से संचालित विशेष अभियानों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव तथा ओवरस्पीडिंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा सरकार की विभिन्न राहत योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया।

आईजी ने इनामी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में संदिग्ध एवं आपराधिक पृष्ठभूमि वाले बाहरी व्यक्तियों की पहचान के लिए जनपदभर में व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने किरायेदारों, फड़ एवं ठेली संचालकों तथा बागानों में कार्यरत मजदूरों सहित सभी बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने पर बल दिया।

अपराध समीक्षा बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 49 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी कर्मियों से भविष्य में भी पूर्ण निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा व्यक्त की।

देवभूमि खबर

Related articles