सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर शहरी विकास मंत्री से मिली यूनियन, वेतन वृद्धि और भर्ती पर जल्द निर्णय की उठाई मांग
देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव संगठन एवं प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वैध के नेतृत्व में देहरादून नगर निगम यूनियन शाखा अध्यक्ष सोनू खैरवाल तथा पर्यावरण मित्रों के प्रतिनिधिमंडल ने शहरी विकास मंत्री राम सिंह केड़ा से मुलाकात कर सफाई कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
चौधरी नरेश वैध ने बताया कि यूनियन की ओर से राज्य सरकार को सात सूत्रीय ज्ञापन पहले ही सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक उस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई करने और मांगों का समाधान करने की अपील की।
शाखा अध्यक्ष सोनू खैरवाल ने कहा कि देहरादून नगर निगम बोर्ड की बैठक में 715 संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए प्रतिदिन 800 रुपये वेतन बढ़ोतरी का प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा गया है। उन्होंने मांग की कि इस प्रस्ताव पर जल्द शासनादेश जारी कर कर्मचारियों को इसका लाभ दिया जाए।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मचारियों में अपनी मांगों को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव और कुंभ मेले को देखते हुए आवश्यक संख्या में कर्मचारियों की भर्ती भी समय रहते की जानी चाहिए ताकि व्यवस्थाएं प्रभावित न हों।
इस दौरान यूनियन के शाखा उपाध्यक्ष विनोद कुमार, अरुण कुमार, परविंदर, सनी सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

