पुताई के दौरान घर में देखी ज्वैलरी, बनाई चोरी की योजना; दून पुलिस ने आरोपी को दबोचा, ₹10 लाख की ज्वैलरी बरामद

पुताई के दौरान घर में देखी ज्वैलरी, बनाई चोरी की योजना; दून पुलिस ने आरोपी को दबोचा, ₹10 लाख की ज्वैलरी बरामद
Spread the love

देहरादून। दून पुलिस ने कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की ज्वैलरी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब ₹10 लाख मूल्य की ज्वैलरी बरामद की है।

घटना के संबंध में 18 सितंबर 2026 को नरेंद्र पी. गुप्ता निवासी 26 नेशविला रोड, कोतवाली नगर, देहरादून ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 347/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी के साथ स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा पूर्व में इस प्रकार की घटनाओं में प्रकाश में आए आरोपियों का भौतिक सत्यापन भी किया।

पुलिस की लगातार कार्रवाई के दौरान 24 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कृष्णा लॉज के पास से घटना को अंजाम देने वाले आरोपी विजय को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की गई करीब ₹10 लाख मूल्य की ज्वैलरी बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसने वादी के मकान मालिक के घर में पुताई का काम किया था। इसी दौरान उसे जानकारी हुई कि वादी के घर में कीमती आभूषण रखे हुए हैं। आरोपी के अनुसार वह हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित है और उसका ऑपरेशन होना था, जिसके लिए उसे पैसों की आवश्यकता थी। इसी के चलते उसने उक्त घर से ज्वैलरी चोरी करने की योजना बनाई और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी की गई ज्वैलरी में से कुछ आभूषण अपने एक रिश्तेदार को ₹3 लाख में बेच दिए थे। इनमें से ₹2.70 लाख आरोपी ने अपने बैंक खाते में जमा किए थे। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते को फ्रीज करने की कार्रवाई की है। पूछताछ के आधार पर प्रकाश में आए सहयोगियों की गिरफ्तारी तथा चोरी की शेष ज्वैलरी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय पुत्र किशनलाल, निवासी चुक्खुवाला, कोतवाली नगर, देहरादून, उम्र 31 वर्ष के रूप में हुई है।

बरामद ज्वैलरी में पीली धातु का एक हार, हीरे जड़ित पेंडेंट सहित एक हार, हीरे जड़ित एक कड़ा, पीली धातु की दो अंगूठियां तथा हीरे जड़ित पीली धातु की तीन बालियां शामिल हैं। बरामद ज्वैलरी की अनुमानित कीमत करीब ₹10 लाख बताई गई है।

पुलिस टीम में निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट, प्रभारी कोतवाली नगर, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, कांस्टेबल संतोष पंवार, नरेंद्र रावत, लोकेन्द्र उनियाल, धीरेन्द्र पतियाल तथा एसओजी देहरादून के कांस्टेबल सौरभ शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles