चारधाम यात्रा 2026: उत्तरकाशी पुलिस की व्यवस्थाओं से प्रभावित होटल एसोसिएशन यमुनावैली, एसपी कमलेश उपाध्याय का किया सम्मान

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा 2026 के सफल, सुरक्षित और सुगम संचालन में उत्तरकाशी पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए होटल एसोसिएशन यमुनावैली ने पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। गुरुवार को हुए इस सम्मान समारोह में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने यात्रा के दौरान पुलिस की मुस्तैदी, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था की खुलकर प्रशंसा की।
होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस वर्ष यात्रा मार्ग पर पुलिस द्वारा प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, खोया-पाया सहायता केंद्रों की सक्रियता और 24 घंटे तैनात पुलिस बल के कारण श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिला। साथ ही होटल व्यवसायियों को भी हर स्तर पर सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे स्थानीय पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिला।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा ने बताया कि यमुनोत्री धाम मार्ग पर इस बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बेहद कम रही और पार्किंग व्यवस्था भी पहले की तुलना में बेहतर रही। उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता के चलते नशे और अवैध शराब की तस्करी पर भी प्रभावी अंकुश लगा है तथा कई मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
होटल एसोसिएशन और यात्रा कारोबारियों के अनुसार, उत्तरकाशी पुलिस की बेहतर व्यवस्थाओं के कारण चारधाम यात्रा के अब तक के 59 दिनों में लगभग 11.30 लाख श्रद्धालुओं ने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के सुरक्षित एवं निर्बाध दर्शन कर सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त किया है।
सम्मान ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने होटल एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरकाशी पुलिस का उद्देश्य “सुरक्षित यात्रा–सुखद यात्रा” सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता, व्यापारियों, यात्रा कारोबारियों और श्रद्धालुओं के सहयोग से सुविधा, सुरक्षा और सम्मान के संकल्प के साथ यात्रा व्यवस्थाओं को आगे भी और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने यात्रा और पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए उपस्थित प्रबुद्धजनों से सुझाव भी प्राप्त किए।
कार्यक्रम में होटल एसोसिएशन यमुनावैली के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा, श्री यमुनोत्री धाम के रावल ज्योति प्रसाद उनियाल, पूर्व प्रधान चैन सिंह रावत, उपाध्यक्ष अनिल सिंह चौहान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

