केदारनाथ यात्रा में अवैध शराब पर रुद्रप्रयाग पुलिस का शिकंजा, 70 बोतलों के साथ 4 नेपाली गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के दौरान अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 बोतल मैकडॉवेल ब्रांड की अवैध शराब के साथ चार नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की। जांच में आरोपियों के कब्जे से अवैध रूप से परिवहन और संग्रहण की जा रही शराब बरामद हुई, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कमल बहादुर बम, गोहड तिरुबा, अधिराज रोकाया और असल बदुवाल शामिल हैं। सभी मूल रूप से नेपाल के निवासी हैं और वर्तमान में सोनप्रयाग क्षेत्र में रह रहे थे।
केदारनाथ यात्रा शुरू होने के बाद से रुद्रप्रयाग पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 20 मुकदमे दर्ज कर 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान कुल 1010 बोतल (84 पेटी) अवैध शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.1 लाख रुपये बताई गई है। शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे पांच वाहनों को भी सीज किया गया है।
वहीं, एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.306 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.4 लाख रुपये आंकी गई है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब, नशे और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

