नैनीताल में जल संस्थान का ट्रक अनियंत्रित, दिल्ली की दो महिला पर्यटक गंभीर घायल; ब्रेक फेल होने की आशंका

रिपोर्ट। ललित जोशी।
नैनीताल। पर्यटन सीजन के बीच सरोवर नगरी नैनीताल में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जल संस्थान का एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पैदल चल रही दो महिला पर्यटकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राजकीय बी.डी. पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सूत्रों के अनुसार दुर्घटना का कारण जल संस्थान के ट्रक के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। हादसे में एक महिला की टांग बुरी तरह कुचल गई, जबकि दूसरी महिला के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायल महिलाएं दिल्ली के गगन विहार क्षेत्र की निवासी हैं और अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आई थीं।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल की सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव रहता है। लगातार बढ़ती आवाजाही और जगह-जगह लगने वाले जाम के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ रही है।

