सांसद अजय भट्ट ने सेनिटोरियम-रातीघाट (कैंची) बायपास का किया शुभारंभ, कैंचीधाम के जाम से मिलेगी राहत

सांसद अजय भट्ट ने सेनिटोरियम-रातीघाट (कैंची) बायपास का किया शुभारंभ, कैंचीधाम के जाम से मिलेगी राहत
Spread the love

रिपोर्ट। ललित जोशी।

नैनीताल। सांसद अजय भट्ट ने शुक्रवार को सेनिटोरियम-रातीघाट (कैंची) बायपास मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करते हुए वेलब्रिज का फीता काटकर औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ निर्माण कार्यों का जायजा लिया तथा मार्ग के शीघ्र पूर्ण होने पर जोर दिया।

करीब 19 किलोमीटर लंबे इस बायपास मार्ग के निर्माण के लिए शासन द्वारा 37 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि इस बायपास के शुरू होने से कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले लंबे जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। विशेष रूप से अल्मोड़ा, बागेश्वर, कर्णप्रयाग और पिथौरागढ़ की ओर आने-जाने वाले पर्यटकों तथा आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि मार्ग के अधिकांश हिस्से का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष भाग में डामरीकरण का कार्य किया जाना बाकी है। मानसून और संभावित बारिश को देखते हुए मार्ग पर पोकलैंड एवं जेसीबी मशीनों की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने 15 जून को श्री कैंचीधाम में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं में आमजन से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और प्रशासन के समन्वय से मेले का सफल एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री नवीन वर्मा, भावना मेहरा, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य, शिवांशु जोशी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मसत्तू, अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles