ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप, एसएसपी बोले– ऐसे लोगों की जगह जेल में है

ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप, एसएसपी बोले– ऐसे लोगों की जगह जेल में है
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस मेले के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। ड्यूटी पर तैनात ऊधमसिंहनगर जिले के दो पुलिसकर्मियों पर एक युवती से कथित छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगा है। मामले में भवाली पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंहनगर में तैनात एएसआई जगदीश प्रसाद और कांस्टेबल जितेंद्र कुमार मेले की ड्यूटी के लिए कैंची धाम पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों ने एक होम स्टे संचालक की बेटी के साथ छेड़छाड़ की। युवती द्वारा विरोध करने पर उन्होंने उसके साथ अभद्रता और मारपीट भी की।

घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया और कार्रवाई की मांग को लेकर कैंची चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया।

सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि देर रात सूचना मिलने के बाद दोनों आरोपितों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।

युवती के पिता की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि कानून सबके लिए समान है और कानून से बड़ा कोई नहीं है। चाहे आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी, यदि कोई गलत कार्य करेगा तो उसकी जगह जेल में होगी।

उन्होंने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी तथा संबंधित जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है।

गौरतलब है कि 15 जून को कैंची धाम स्थापना दिवस पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए यहां आते हैं। अब तक लगभग 50 हजार से अधिक श्रद्धालु मंदिर में दर्शन कर चुके हैं।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि अधिकांश पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभाते हैं, लेकिन कुछ लोगों की गलत हरकतों से पूरे विभाग की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी पुलिसकर्मी को अनुशासनहीनता या आपराधिक कृत्य में लिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।

उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि कैंची धाम दर्शन के दौरान संयम बनाए रखें और सुचारु व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

देवभूमि खबर

Related articles