HTML tutorial
HTML tutorial

खेत में पानी को लेकर खूनी संघर्ष: सहसपुर में एक की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

Spread the love

देहरादून। सहसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट की इस घटना में गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि अन्य दो लोग भी घायल हुए हैं। मामले में पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 की शाम बैरागीवाला गांव में खेत में पानी छोड़ने को लेकर पहले से चल रहे विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के रज्जाक, अमन, यूनूस, जावेद, इम्तियाज, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, इंतेजार सहित 30-40 अन्य लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए लेहमन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद कुमार ने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से विवाद चला आ रहा था और पिछले दो-तीन दिनों से खेत में पानी छोड़ने को लेकर कहासुनी हो रही थी।

मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में मुकदमा संख्या 134/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 103, 109, 191(2) और 3(5) में नामजद आरोपियों एवं अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों—रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज—को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

एसएसपी देहरादून ने आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles