नशामुक्त भारत पखवाड़ा: टिहरी पुलिस और ब्रह्मकुमारी संस्था ने चंबा में चलाया जनजागरूकता अभियान

टिहरी। “नशामुक्त भारत पखवाड़ा” के अंतर्गत टिहरी पुलिस और ब्रह्मकुमारी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में चंबा स्थित गब्बर सिंह चौक पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। 12 जून से 26 जून तक संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य युवाओं सहित आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मकुमारी संस्था द्वारा विशेष मोबाइल वैन में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से नशा मुक्ति पर आधारित प्रेरणादायक लघु वीडियो और जनजागरूकता संदेश प्रदर्शित किए गए। चौक पर मौजूद नागरिकों, युवाओं और राहगीरों ने इन संदेशों को देखा तथा नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और ब्रह्मकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने नशे के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर नशा मुक्ति जनजागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वैन आगामी दिनों में जनपद के विभिन्न गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर “नशामुक्त भारत पखवाड़ा” के संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी तथा लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगी।
टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियानों के साथ-साथ प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई भी निरंतर जारी रहेगी। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के सहयोग से इस अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

